पंजाब में आज का मौसम (03 May 2026): पंजाब में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। कई जिलो में सुबह-सुबह मौसम का तूफानी रूप देखने को मिला। मोहाली, चंडीगढ़ और जालंधर में घने बादल छाने से अंधेरा छा गया, साथ ही आंधी भी चलने लगी। आज सुबह से ही जालंधर, लुधियाना, मोहाली समेत कई जगहों पर बारिश हो रही है। जिसके कारण कई इलाकों में बत्ती भी गुल है। खराब मौसम के कारण जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। आंधी के कारण कहीं पेड़ गिरने तो कहीं छतों पर रखी टंकियां उड़ने की भी खबर सामने आई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पंजाब में मौसम का ऐसा ही रूप जारी रहने की संभावना है।
पंजाब में सुबह-सुबह आंधी-तूफान (सांकेतिक फोटो)
पंजाब में आज कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के 8 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें गुरदासपुर, अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर और जालंधर शामिल हैं। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
पंजाब में क्यों अचानक बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है, जो ऊपरी पश्चिमी हवाओं के साथ आगे की ओर बढ़ रहा है। साथ ही उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बन गया है, जिससे प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ चुका है। जिसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चार और पांच मई को आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 मई को भी में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
मोहाली में उड़ी टंकी, चंडीगढ़ में गिरे पेड़
मोहाली में आज सुबह आए आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ और दीवार गिरने की घटना हुई। जिससे आसपास खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर-43 में भी कारों के ऊपर पेड़ उखड़कर गिर गए। सेक्टर - 42 में बाजार में पेड़ गिर गया। फरीदकोट में जागरण के लिए टेंट लगाया गया था, जो आंधी में गिर पड़ा। मोहाली में आंधी के कारण छत पर रखी पानी की टंकी ही उड़ गई। खराब मौसम के चलते चंडीगढ़ में बिजली और पानी सप्लाई को बंद कर दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। जिसमें बताया गया है कि आज यात्रा पर निकलने से पहले अपनी गाड़ियों के ब्रेक और वाइपर जरूर चेक करे। साथ ही साफ विजिबिलिटी में ही घर से बाहर जाएं और अन्यथा बाहर निकलने से बचें।
