Pune News: मकर संक्रांति के मौके पर देश के कई हिस्सों जमकर पतंगबाजी होती है। लोग पतंगबाजी में एक-दूसरे को मात देने के लिए कई तरह के मांझे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ मांझे की बिक्री पर पुलिस ने रोक लगाई हुई है। कोई भी इन प्रतिबंधित मांझे को बेचता है तो उसे पुलिस गिरफ्तार भी करती है। इसका ताजा मामला पुणे में देखने को मिला है। पुणे शहर की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर कथित तौर पर कांच के पाउडर से पैना किया हुआ प्रतिबंधित नायलॉन का मांझा बेचने का आरोप है। यह नायलॉन का मांझा इंसानों, पक्षियों और जानवरों को नुकसान पहुंचा सकता है।
प्रतिबंधित नायलॉन मांझे के खिलाफ पुलिस ने शुरू किया अभियान
इस मामले पर पुलिसकर्मी अमोल पवार ने कहा है कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने वरिष्ठ निरीक्षक संदीप भोसले के नेतृत्व में सोहेल आरिफ शेख को सोमवार को लोहिया नगर से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक हजार रुपये की कीमत का प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है।
15 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद
बुधवार को पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा गया है कि शेख के खिलाफ खड़क पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 336 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सोमवार को एक अन्य कार्रवाई में, इंस्पेक्टर उल्हास कदम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की एक टीम ने अब्दुल रहमान पापा शेख को कोंढवा से नायलॉन चीनी मांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से आठ हजार रुपये कीमत का 15 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। उसके खिलाफ कोंढवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
नायलॉन मांझे की अवैध बिक्री में तेजी
इससे पहले 8 जनवरी को क्राइम ब्रांच के लोगों ने आदिप अब्दुल करीम तंबोली नाम के एक शख्स को ओल्ड खड़की बाजार में उसकी दुकान पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था। उसके पास से प्रतिबंधित नायलॉन मांझे के कई बंडल बरामद किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि, तंबोली पर भी 2021 में नायलॉन मांझा के अवैध कब्जे और बिक्री के मामले में मामला दर्ज किया गया था। मकर संक्रांति के मौके पर पुणे में काफी लोग पतंगबाजी करते हैं। ऐसे में नायलॉन मांझे की अवैध बिक्री तेजी से बढ़ जाती है। जिसके खिलाफ पुलिस हर दिन गिरफ्तारी अभियान चला रही है।
