Prayagraj News: प्रयागराज में हत्या के एक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शहर के करछना थाना इलाके के भीरपुर चौकी क्षेत्र में तीन दिन पहले एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से दहशत फैल गई थी। एक बंद ढाबे के सामने शव के मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया था। वारदात वीभत्स तरीके से की गई थी। जानकारी के अनुसार शव को जलाने का भी प्रयास किया गया था। इस वजह से बॉडी की शिनाख्त करना काफी मुश्किल हो गया था।
प्रयागराज में सिर कटी लाश मिलने के मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता (Representative Image)
बता दें कि जांच को आगे बढ़ाते हुए प्रयागराज पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है। साथ ही मुख्य हत्यारोपी का नाम भी सामने आ गया है। करछना थाना इलाके के सर्किल ऑफिसर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक बक्सर बिहार का रहने वाला सूरज गुप्ता बताया जा रहा है। इसी तरह हत्या का शक मृतक के ही एक जानकार पर है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद से ही वह फरार है। जब शक के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा तो कई सबूत भी मिले। वहां से सूरज के कुछ कपड़े मिल गए , जिसके आधार पर पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी माना। फिरोज की पत्नी नजमा को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। वहीं, आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपी को गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस जल्द ही हत्या के कारण का पता लगाने की बात कह रही है।
शव के अंग भी काटे गए थे
मिली जानकारी के अनुसार मामला दो दिन पहले का है। स्थानीय लोगों को यह शव पड़ा हुआ मिला था। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई और मामले में जांच शुरू की गई। शव के कई अंग काटकर उन्हें जलाने के भी प्रयास किए गए थे। जिस वजह से मृतक की शिनाख्त उस समय नहीं हो पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और अग्रिम जांच में पता चला कि शव बक्सर के एक युवक का था।
यहां मिला था शव
जानकारी के अनुसार, भीरपुर चौकी इलाके में एक अनमोल ढाबा है, जो काफी समय से बंद पड़ा हुआ है। गांव के कुछ लोग सोमवार की सुबह ढाबे के सामने से गुजर रहे थे कि तभी उन्हें सड़क के किनारे के एक शव दिखा, शव का सिर कटा हुआ था। यह देख हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस से लोगों ने संपर्क किया।
