Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में इस बार देव दीपावली पर्व को अनूठे अंदाज में मनाने की तैयारियां परवान पर हैं। आगामी 7 नवंबर को देव दीपावली के मौके पर त्रिवेणी संगम के घाट 11 लाख दीयों से रोशन होंगे। पर्व की तैयारियों को लेकर प्रयागराज डीएम संजय कुमार खत्री ने जायजा लेकर समीक्षा की व अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। पर्व की तैयारियों की व्यवस्था देख रहे जनपद के आला अधिकारियों के मुताबिक, त्रिवेणी संगम के प्रमुख घाटों सहित अन्य घाटों को 11 लाख दीयों से सजाया जाएगा।
देव दीपावली पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक कर अधिकारियों को निर्देश देते डीएम संजय कुमार खत्री
पर्व की व्यवस्थाएं समुचित हो सकें इसके लिए जिला प्रशासन ने अन्य महकमों के कार्मिकों व अधिकारियों समेत शहर की कई सामाजिक संस्थाओं को इसमें शामिल किया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिला कलेक्टर ने दीपकों की रोशनी सही तरीके से हो सके इसके लिए उन्हें सेक्टर वार प्रज्जवलित करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि, किसी भी अप्रिय वारदात को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस व डाॅक्टर्स सहित मेडिकल स्टाफ को तैनाती के निर्देश दिए हैं। वहीं रोशनी देखने आने वाले लोगों के लिए रोड़ पार्किंग के माकूल प्रबंध करने व अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश भी दिए गए हैं।
