शहर

Patna Encounter: शिक्षक गोलीकांड केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार

पटना में शिक्षक गोलीकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके दो साथियों को भी मौके से दबोच लिया। इस दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

Patna Police Encounter

Patna Police Encounter: पटना में शिक्षक गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुई मुठभेड़

मुठभेड़ की यह घटना ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे से सटे गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक हुई। जानकारी के अनुसार पुलिस को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तब बदमाशों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया और उसके दो साथियों को भी मौके से पकड़ लिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 13 मई की सुबह शिक्षक शंभू कुमार पर हुए हमले से जुड़ा है। शंभू कुमार रोजाना की तरह स्कूल जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। शिक्षक के विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उन्हें दो गोलियां लगीं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इस लूट और गोलीकांड में सीधे तौर पर शामिल थे। उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। वहीं मुठभेड़ की घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article