Patna News: महापर्व छठ में व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। ट्रैफिक पुलिस ने 30 और 31 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। दरअसल, 30 अक्टूबर को छठ का पहला अर्घ्य है। इस दिन दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक अशोक राजपथ पर वाहन नहीं चलेंगे। वहीं, 31 अक्टूबर की सुबह 2 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक अशोक राजपथ पर गांधी मैदान करगिल चौक से दीदारगंज तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पटना में छठ को लेकर डायवर्ट रहेंगे ट्रैफिक रूट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इसके अतिरिक्त शहर में दीघा मोड़ से लेकर आशियाना मोड़ तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित किया गया है। इस अवधि में सभी तरह के वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होकर बेली रोड जा सकेंगे।
जेपी सेतु पर वाहनों का नहीं होगा परिचालन
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक जेपी सेतु पर सोनपुर और छपरा की ओर से पटना की ओर आने वाले और शाम 5 बजे से 7 बजे तक पटना से सोनपुर और छपरा जाने वाले वाहन परिचालित नहीं किए जाएंगे। इतना ही नहीं 31 अक्टूबर की सुबह पटना से सोनपुर और छपरा आने-जाने के लिए सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इन वाहनों का हो सकेंगे परिचालन
30 और 31 अक्टूबर को ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और शव वाहनों का परिचालन पहले की तरह सभी रूटों पर जारी रहेगा। बता दें, अटल पथ से जेपी सेतु और सोनपुर जाने के लिए वाहनों का परिचालन 30 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और 31 अक्टूबर की सुबह 2 बजे से सुबह 9 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है। पटना जंक्शन, जीपीओ होकर बेली रोड से दानापुर-खगौल जाने वाली बसें गांधी मैदान की जगह पटना जंक्शन से ही लौट जाया करेंगी। अशोक राजपथ के लिए सभी एंट्री प्वाइंट बंद किए जाएंगे।
छठ व्रतियों के लिए स्पेशल रूट
छठ व्रतियों के वाहनों के परिचालन एवं पार्किंग के लिए स्पेशल रूट खोले गए हैं। सभी छठ व्रती खजांची रोड से होकर पटना कॉलेज या साइंस कॉलेज तक जा सकेंगे। वे अपने वाहन पटना कॉलेज में पार्क कर पाएंगे।
