दिल्ली के बवाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने आत्महत्या कर ली। यह कदम उसने कथित रूप से दुष्कर्म, छेड़छाड़ और धमकियों से तंग आकर उठाया। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कुछ समय से अपनी बहन के साथ रह रही थी, जो आर्थिक तंगी से जूझ रही है। आरोपी, जो मुजफ्फरपुर का निवासी और पड़ोसी था, ने लड़की को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म और धमकियों से तंग आकर नाबालिग ने की आत्महत्या
आरोपी ने उसे बार-बार धमकियां दीं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। शनिवार को, जब उसकी बहन फैक्ट्री में काम कर रही थी, पीड़िता ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने बहन की शिकायत पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है और एक टीम मुजफ्फरपुर भेजी गई है। मामले की जांच एक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है।
