बिहार के समस्तीपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां करंट की चपेट में आने से एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है, जिसमें 16 वर्षीय किशोर भी शामिल है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बता दें कि इस घटना में 4 माह की बच्ची भी घायल हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों मौके पर पहुंचे और परिवार के अन्य लोगों की जान बचाई गई।
समस्तीपुर में करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत (फोटो - Canva)
तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय शांति देवी, उनके 40 वर्षीय पुत्र अरुण राम और 16 वर्षीय पोता अजीत कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम की है, जब अरुण लटके हुए बिजली के तार को ऊपर करने की कोशिश कर रहा था। अरुण बांस की सहायता से तार को ऊपर कर रहा था, तभी वह तार टूटकर नीचे गिर गई और अरुण उसकी चपेट में आ गया। बेटे को करंट लगता देख, उसकी मां शांति देवी और पोता अजीत उसे बचाने के लिए पहुंचे और वह भी उसकी चपेट में आकर झुलस गए। इस हादसे में अरुण की चार महीने की बेटी की गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि करंट लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दौड़कर वहां पहुंचे और अन्य परिवार के लोगों की जान बचाई गई। अरुण और बेटे की मौत और हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी रिंकू देवी बेहोश हो गई। इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। परिवार के अन्य लोगों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
