Patna Rail News: पटना से रांची तक अब नई लाइन से ट्रेनों का परिचालन होगा। रेलवे अधिकारी के मुताबिक 26 जनवरी के बाद नई लाइन पर ट्रेनें चलनी लगेंगी। ट्रेन कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग, सांकी और सिधवार होकर चलेंगी। इस रूट पर ट्रेनों के परिचालन को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद दिसंबर में सीआरएस ने निरीक्षण किया था। उस दौरान स्पीड ट्रायल भी सफल रहा था। पहले चरण में रात में चलने वाली ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इनमें इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस और पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कम से कम तीन नई ट्रेनें भी परिचालित करने की योजना है।
हजारीबाग होकर बनी नई रेल लाइन
बता दें इस नई रेल लाइन का निर्माण 3800 करोड़ रुपए से किया गया है। रेल लाइन सांकी-सिधवार 27 किलोमीटर लंबा है। जो कि कोडरमा-रांची नई रेल लाइन परियोजना का हिस्सा है। यह परियोजना 202 किलोमीटर लंबी है। नवनिर्मित सांकी-सिधवार रेलखंड पर चार सुरंगी, 32 कर्व और 5 बड़े पुल हैं। अभी रांची-पटना मुरी के बाद ट्रेन पश्चिम के झालदा एवं कोटशिला से बोकारो, गोमो, कोडरमा होकर पटना जाती है। इस दौरान कई स्टेशन पर ट्रेनें रुकती हैं। इससे अधिक समय लगता है।
