Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हमले की अफरा-तफरी में एक पुलिसकर्मी की पिस्टल भी गायब हो गई। इस घटना की सूचना के बाद आसपास के कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस सतर्क मोड में गांव में कैंप कर रही है। साथ ही पिस्टल की बरामदगी के लिए कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को बनाया बंधक
यह घटना वारिसनगर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर पंचायत के एकद्वारी गांव की है। जहां ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर बंधक बनाया लिया। जब इस घटना की सूचना पुलिस को मिली, तो पुलिस की टीम चालक को छुड़ाकर हिरासत में लेने के लिए गांव पहुंची। लेकिन इससे गांव वालों का गुस्सा पुलिस टीम पर टूट पड़ा और भीड़ बेकाबू होकर पुलिस टीम पर टूट पड़ी।
गांव में तनाव का माहौल
आक्रोशित भीड़ के हमले से इंस्पेक्टर घायल हो गए। मथुरापुर थाना की गाड़ी के साथ भी तोड़फोड़ के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई। सूत्रों के अनुसार, आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने डायल 112 पुलिस टीम पर तैनात एक पुलिसकर्मी का पिस्टल छीन लिया। इसके बाद पुलिस ने कई ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पिस्टल की बरामदगी को लेकर पूछताछ शुरू की है। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर देर रात एसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल गांव पहुंचे और हालात को संभाला। गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस सतर्क मोड में कैंप कर रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है, लेकिन अंदरूनी तौर पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
