पटना

बिहार में 16 अगस्त से शुरू होगा राजस्व महा-अभियान, पंचायत की भूमिका होगी अहम, बेहतरीन काम करने वाले को किया जाएगा पुरस्कृत

Bihar News: बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राजस्व महा-अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए आज अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत की भूमिका को अहम बताया और बेहतरीन काम करने वाले को पुरस्कार देने की बात की गई।

Image

बिहार में 16 अगस्त से शुरू होगा राजस्व महा-अभियान (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Bihar News: बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से पूरे राज्य में 16 अगस्त से 20 सितम्बर तक चलने वाले राजस्व महा-अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को राजस्व सर्वे प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्री नगर में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का संघ एवं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संघ के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि जमीन के कागजों में गड़बड़ी की समस्या बड़ी समस्या है। राज्य के शत–प्रतिशत लोग इससे जुड़े हुए हैं। विभाग की सभी सेवाएं ऑनलाइन होने के बावजूद दाखिल खारिज और परिमार्जन से संबंधित समस्याओं से लोग परेशान रहते हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन जमाबंदी में सुधार, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण और छूटी हुई जमाबंदी को ऑनलाइन करने के लिए आवेदन फार्म लिए जाएंगे।

बेहतरीन काम करने वाले को किया जाएगा पुरस्कृत

उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए टीम घर–घर जाएगी और जमाबंदी की प्रति आवेदन फार्म (Application Form) उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान बेहतर काम करने वालों को जिला और राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि टीम द्वारा इस काम को सही तरीके से संपन्न कराने में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वे सभी को अभियान से अवगत कराने के साथ जमाबंदी प्रति और आवेदन फार्म को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पदाधिकारी और कर्मी संघ की भूमिका मौजावार जमाबंदी की प्रति और आवेदन फार्म पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

योजना को धरातल पर उतारने के लिए इन विभागों की ली जाएगी सहायता

एसीएस श्री सिंह ने कहा कि अभियान को धरातल पर उतारना लक्ष्य है। इसलिए इसमें ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, अनुसूचित जाति जनजाति विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। पूरे अभियान में उनके कर्मी भी टीम में रहकर शिविरों के सफलतम आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

तीन चरणों में पूरा किया जाएगा अभियान

राजस्व महा–अभियान की बिंदुवार जानकारी देते हुए आईटी मैनेजर आनंद शंकर ने बताया कि अभियान तीन चरण में पूरा होगा। पहला चरण तैयारी का चल रहा है। दूसरा चरण आयोजन का होगा और तीसरा चरण निष्पादन का होगा। उन्होंने बताया कि अंचल वार माइक्रो प्लान 12 अगस्त तक जारी करने की समय सीमा है। इसे विभाग के पोर्टल पर भी देखा जा सकता है। शिविर में जमा होने वाले आवेदन के संबंध में उन्होंने बताया कि फॉर्म जमा होते ही नाम और नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन कर लिया जाएगा। इसके बाद आवेदन की स्थिति की जानकारी मिलेगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!