Bihar Assembly Opposition Protest: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में काली शर्ट पहनकर प्रदर्शन किया, जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कड़ी आलोचना की। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने इस विरोध को बेबुनियादी बताते हुए विपक्षी विधायकों की आलोचना की और कहा कि उन्हें सदन की गरिमा और कामकाज की समझ नहीं है। प्रश्नकाल के दौरान जब विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कार्यवाही शुरू की, तो विपक्षी सदस्य खड़े होकर एसआईआर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।
बिहार विधानसभा में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन (फोटो: ANI)
नंद किशोर यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में माहौल को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि आज बारिश हो रही है, मौसम ठंडा है, फिर आप लोग क्यों गरम हो रहे हैं? इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने विपक्षी विधायकों पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि आप लोग काले कपड़े क्यों पहन रहे हैं? क्या आपने पहले कभी ऐसा किया है? सदन की कार्यवाही के दौरान एक दिलचस्प दृश्य उस समय देखने को मिला जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) और सहयोगी भाजपा के कई विधायक हेलमेट पहनकर सदन पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें विपक्षी विधायकों से धक्का-मुक्की का डर है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से संयम बरतने की अपील की और बताया कि सदन की कार्यवाही को देखने के लिए स्कूल के कुछ बच्चों को आमंत्रित किया गया है। इसके बावजूद कुछ सदस्य आसन के पास पहुंच गए और हंगामा जारी रखा। कुछ ने रिपोर्टिंग स्टाफ के लिए रखे गए फर्नीचर को पलटने की भी कोशिश की, जिससे मजबूरन सदन की कार्यवाही कुछ ही मिनटों में अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। यह सत्र मौजूदा विधानसभा का अंतिम सत्र था, क्योंकि कुछ ही महीनों में बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा होने की संभावना है।
(इनपुट - भाषा)
