Muzaffarpur News: बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराधिक मामलों को देखते हुए कानून व्यवस्था को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। इस बीच बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तड़के एक जूनियर इंजीनियर की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चोरी करने के लिए घर में घुसे चोरों का विरोध करने पर जूनियर इंजीनियर को चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मुजफ्फरपुर में जूनियर इंजीनियर की हत्या
लूटपाट का विरोध करने पर चोरों ने उतारा मौत के घाट
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक का नाम मोहम्मद मुमताज है और वह वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड में कार्यरत थे। उन्होंने आगे बताया कि रामराजी रोड मोहल्ले में मोहम्मद मुमताज अपने घर में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ थे। सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश की। मोहम्मद मुमताज अलग कमरे में सोए थे जबकि उनकी पत्नी और बच्चे अलग कमरे में सो रहे थे।अधिकारी ने बताया कि इस बीच मुमताज की नींद खुल गई और उन्होंने लूटपाट का विरोध किया। विरोध पर चोरों ने चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को भी तोड़ दिया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। एफएसएल और टेक्निकल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी घटनास्थल से बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला चोरी का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पूरे मामले की जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि संदिग्ध लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
(इनपुट - आईएएनएस)
