East Champaran Road Accident: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर हुआ।
पूर्वी चंपारण में एनएच-27 पर बेकाबू ट्रक के चलते बड़ा हादसा
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल और एक ऑटो-रिक्शा सहित कई वाहन सर्विस लेन में खड़े होकर सड़क पार करने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर इन वाहनों से जा टकराया। पुलिस उपाधीक्षक (सदर-1) दिलीप कुमार ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
डीएसपी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि संभावना है कि ट्रक चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया और गुस्से में एनएचएआई के एक वाहन में आग भी लगा दी। हालांकि, कुछ समय बाद पुलिस ने जाम हटवा दिया।
