Bihar Electricity Rates: बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इस बीच सारी पार्टियों में तैयारियों की तेजी दिख रही है। जो सत्ता में नहीं हैं वो लुभावने वादे कर रही हैं या करने की योजना बना रही हैं और सरकार कई योजनाएं ला रही है, ताकि जनता को सीधा फायदा मिल सके। इसी कड़ी में बिहार सरकार ने जनता को बिजली के दरों में राहत दी है। गर्मी के मौसम में, जब बिजली की खपत स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है, ऐसे में बिजली दरों में कटौती राहत देने वाला फैसला है। इसका ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाकों और स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को होगा।
कैबिनेट ने लिया अनुदान बढ़ाने का फैसला
अनुदान राशि में हुई 4 फीसदी की बढ़ोतरी
बिहार में करीब 2.12 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं। जिसमें से लगभग 1 करोड़ 25 लाख ग्रामीण उपभोक्ता हैं
जानकारी के मुताबिक, राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली देने के लिए राज्य सरकार इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15 हजार 995 करोड़ अनुदान के तौर पर खर्च करेगी। पिछले वित्तीय वर्ष से तुलना करें तो ये अनुदान 652 करोड़ ज्यादा है। शुक्रवार को नीतीश कैबिनेट की हुई बैठक में इस अनुदान को मंजूरी मिल गई। इस अनुदान राशि की घोषणा होने के साथ गांव इलाके के घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। 1 अप्रैल से इन नई दरों को लागू कर दिया गया है। इससे स्मार्ट प्रीपेड मीटर और ग्रामीण उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
ग्रामीण इलाकों में कम हो गया बोझ
अब ग्रामीण इलाकों के बिजली उपभोक्ताओं का बोझ इससे कुछ हद तक कम हो गया है। ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 50 यूनिट तक 7.42 रुपए प्रति यूनिट भुगतान करना पड़ता है। जिस पर 5.45 रुपए सब्सिडी मिलती है। नए दर के हिसाब से प्रति यूनिट 1.97 रुपये लगेंगे। कुटीर ज्योति और घरेलू श्रेणी में 1 करोड़ 25 लाख उपभोक्ता हैं। 50 यूनिट से अधिक खपत वाले घरेलू और कुटीर ज्योति कनेक्शन (BPL) वाले उपभोक्ताओं को 54 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिलेगी। इन उपभोक्ताओं को अब 2.45 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल देना होगा। वहीं, इस श्रेणी के स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट का अतिरिक्त लाभ जुड़कर 79 पैसे प्रति यूनिट हो जाएगा।
स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा फायदा
इस 1 अप्रैल से ही बिहार सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वालों को अतिरिक्त लाभ देने का फैसला किया था। लगभग 62 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को ये फायदा मिलेगा। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट सस्ती बिजली मिलेगी। पहले से ही सरकार प्रीपेड मीटर को रीचार्ज करने पर 3 फीसदी की छूट दे रही है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगवाने के छह महीने तक उपभोक्ता निर्धारित लोड से अधिक बिजली खपत करने पर भी कोई जुर्माना नहीं देंगे।
