पटना

Bihar News: राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मुखिया का देवर बड़ा शराब तस्कर, डायरी में 80 करोड़ का हिसाब, कई राज्यों तक नेटवर्क

बिहार के मुजफ्फरपुर में ईडी ने राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त मुखिया बबिता कुमारी के घर छापा मारा। कार्रवाई उनके देवर सुजीत मिश्रा के खिलाफ थी, जिस पर कई राज्यों से शराब मंगाकर उत्तर बिहार में सप्लाई करने का आरोप है।

Image

बिहार में शराब तस्करी मामले में ईडी का छापा

बिहार के मुजफ्फरपुर में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मुखिया बबिता कुमारी के घर पर आज यानी गुरुवार 14 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। ईडी की छापेमारी से इलाके में सनसनी फैल गई। यह कार्रवाई बबिता कुमारी के देवर सुजीत मिश्रा से जुड़े मामले में हुई। सुजीत पर शराब के अवैध कारोबार में संलिप्तता का गंभीर आरोप है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुजीत मिश्रा को 2020 में रांची से गिरफ्तार किया गया था। उस पर झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और चंडीगढ़ से शराब मंगाकर उत्तर बिहार के कई जिलों में सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ छह मामले दर्ज हैं, जबकि उसके भाई बबलू मिश्रा और भरत भूषण पर भी शराब से जुड़े कई मामले लंबित हैं।

ईडी की हालिया छापेमारी में सुजीत को हिरासत में लेकर उससे शराब सिंडिकेट के नेटवर्क पर पूछताछ की गई। मुजफ्फरपुर में आठ बड़े शराब कारोबारियों की सूची में उसका नाम शामिल है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव तैयार किया है।

जांच में पता चला है कि सुजीत का पश्चिम बंगाल और झारखंड के शराब सप्लायरों से गहरा संबंध है और हाल में उससे जुड़ी कई बड़ी खेपें जब्त की गई हैं। बबिता कुमारी ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई उनके या उनके पति के खिलाफ नहीं, बल्कि केवल उनके देवर से संबंधित थी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article