Bihar News: चुनावी वर्ष के मद्देनजर नीतीश कुमार सरकार ने किसानों और राशन डीलरों के हित में कई अहम फैसले लिए हैं। मंगलवार को आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 26 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिनमें प्रमुख रूप से किसान सलाहकारों के मानदेय और राशन डीलरों के कमीशन में वृद्धि को मंजूरी दी गई। किसान सलाहकारों को अब 21,000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा, जो पहले 13,000 रुपये था। यानी, उन्हें 8,000 रुपये की सीधी बढ़ोतरी मिली है। इस फैसले के लिए कैबिनेट ने 67.87 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट को स्वीकृति दी है, जिससे राज्य के 7047 किसान सलाहकार लाभान्वित होंगे।
सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो: ANI)
इसके साथ ही, उनकी परामर्श अवधि को भी 6 घंटे से बढ़ाकर 7 घंटे कर दिया गया है। इसी तरह, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन डीलरों के कमीशन में भी बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें प्रति क्विंटल 258.40 रुपये कमीशन मिलेगा, जो पहले 211.40 रुपये था। इस वृद्धि में केंद्र सरकार, राज्यांश और राज्य योजना मद की हिस्सेदारी शामिल है। राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाला हिस्सा भी 90 रुपये से बढ़ाकर 137 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इन फैसलों से साफ है कि सरकार किसानों और जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से ठोस कदम उठा रही है, खासकर चुनावी वर्ष की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए।
