VIDEO: अब शान से होगी सवारी, ऐसी लग्जरी बस देखी है आपने कभी?

बिहार पर्यटन विभाग ने यात्रा अनुभव को नई दिशा देते हुए दो अत्याधुनिक मोबाइल कैरावैन पेश किए हैं। ये कैरावैन सड़क पर सफर को 5-स्टार होटल जैसी लक्जरी में बदलने की क्षमता रखते हैं। इस पहल से पर्यटक बिना किसी परेशानी के देशभर में आरामदायक और यादगार यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

Bihar Tourism Mobile Caravans: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए राज्य पर्यटन विभाग ने एक अनोखी और आधुनिक पहल की है। गुरुवार को विभाग ने दो विश्वस्तरीय मोबाइल कैरावैन लॉन्च किए, जो आने वाले दिनों में बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में घूमने वाले यात्रियों के अनुभव को पूरी तरह बदलने जा रहे हैं। यह कैरावैन सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि “चलता-फिरता 5-स्टार होटल” हैं, जिन्हें चंडीगढ़ में कस्टम-डिजाइन करके तैयार किया गया है। पर्यटन विभाग के मैनेजर रत्नेश कुमार ने बताया कि कैरावैन का रजिस्ट्रेशन और परमिट प्रक्रिया जारी है और जल्द ही यह पर्यटकों के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। कोशिस यह भी है कि इन वाहनों के लिए ऑल-इंडिया परमिट मिल सके, ताकि यात्री बिहार से निकलकर भारत के किसी भी कोने तक आरामदायक यात्रा का मजा ले सकें।

कितनी है कैरावैन की सवारी की कीमत?

कैरावैन की कीमत प्रति किलोमीटर 75 रुपये रखी गई है, जिसमें 250 किलोमीटर की न्यूनतम दैनिक यात्रा अनिवार्य होगी। यानी कि प्रतिदिन लगभग 20,000 रुपये में यात्री 5-स्टार सुविधा वाला यह वाहन किराए पर ले सकेंगे। इसमें उन्नत सुरक्षा व्यवस्था, CCTV कैमरे और हाई-टेक सिस्टम शामिल हैं, जो इसे पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक बनाते हैं। कैरावैन का इंटीरियर किसी लक्ज़री होटल से कम नहीं है। इन्हें बनाने वाली कंपनी जेसीबीएल के सेल्स मैनेजर विशाल रतन बताते हैं कि दोनों वाहन तीन महीनों में तैयार किए गए। इनमें 4 लग्ज़री इंक्लिनेटर सीटें, एक 3-सीटर सोफा, स्मार्ट टीवी, और थिएटर सिस्टम मौजूद है। किचन एरिया भी आधुनिक है, जहां 5-स्टार होटल जैसी सुविधाएँ मिलती हैं।

End of Feed