Bihar News: बिहार में बस यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें टिकट के लिए छुट्टे पैसों की चिंता छोड़िए, जेब में नकद रखने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। राज्य सरकार ने बस सेवा को पूरी तरह कैशलेस बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अगस्त से पूरे बिहार में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू की जा रही है। परिवहन विभाग ने इसके लिए केनरा बैंक के साथ साझेदारी की है। शनिवार को पटना के होटल मौर्या में परिवहन विभाग और केनरा बैंक के बीच ई-टिकटिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण MOU साइन किया जाएगा। इस मौके पर परिवहन मंत्री शीला मंडल, अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह और BSRTC प्रशासक अतुल कुमार वर्मा मौजूद रहेंगे।
अगस्त से कैशलेस हो जाएगी बसों में टिकट बुकिंग
BSRTC और केनरा बैंक की साझेदारी
यह पहल पीपीपी मॉडल के तहत की जा रही है। केनरा बैंक, राज्य सरकार की बस सेवा को कैशलेस बनाने के लिए जरूरी सभी उपकरण, सॉफ्टवेयर और डिजिटल मशीनें मुहैया कराएगा। इसी कार्यक्रम के दौरान ई-टिकटिंग के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है। इसका सॉफ्टवेयर भी लॉन्च किया जाएगा। जिसकी मदद से यात्री न सिर्फ टिकट बुक कर सकेंगे, बल्कि डिजिटल पेमेंट भी कर पाएंगे।
पूरे बिहार की बसों पर लागू होगी सुविधा
यह नई व्यवस्था राज्य में संचालित सभी सरकारी और पीपीपी मोड की बसों पर लागू होगी। यात्री अब देश के किसी भी हिस्से से बिहार की बसों के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे, जिससे न केवल समय बचेगा, बल्कि टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से भी मुक्ति मिलेगी। इससे बस सेवा अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी। नकदी लेन-देन की जरूरत खत्म होने से भ्रष्टाचार और फर्जी टिकटिंग पर भी रोक लगेगी। साथ ही, यह पहल यात्रियों का समय बचाएगी और पूरे बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत और आधुनिक बनाएगी।
बेंगलुरु मॉडल से मिली प्रेरणा
परिवहन विभाग ने यह पूरी प्रणाली बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) के मॉडल पर तैयार की है। BMTC की तरह ही अब बिहार की बस सेवा भी तकनीकी रूप से उन्नत और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक होगी। बिहार सरकार की यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम है। जो बिहार के यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को अधिक आधुनिक और पारदर्शी बनाएगा।
