पटना

Bihar News: वंदे भारत एक्सप्रेस पर 5 दिन में तीसरी बार पथराव की घटना, ट्रेन के शीशे टूटे; 4 गिरफ्तार

बिहार के पश्चिम चंपारण में रविवार रात पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थरबाजी में ट्रेन के दरवाजे और खिड़कियों के कांच टूट गए। इस घटना के बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि पिछले पांच दिनों में इस ट्रेन पर पथराव की यह तीसरी घटना है।

Image

वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव

Photo : ANI

पाटलिपुत्र यानी बिहार की राजधानी पटना और गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर हाल में पत्थरबाजी की एक और घटना सामने आयी है। ताजा घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की है। यहां पर पिछले 5 दिनों के दौरान तीसरी बार इस ट्रेन पर पत्थर फेंके गए हैं।

रविवार रात चनपटिया स्टेशन के अप होम सिग्नल के पास वंदे भारत ट्रेन की खिड़की और गेट के शीशे तोड़ दिए गए। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ऋतिक कुमार (21 वर्ष), हरीश कुमार (20 वर्ष), गोलू कुमार उर्फ अमित कुमार (18 साल) और भोज पटेल (35 साल) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी राइस मिल बनकट वार्ड नंबर 11 के निवासी हैं।

RPF के पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने जानकारी दी कि पत्थरबाजी की वजह से सी-5 कोच का अगला दरवाजा और सी-4 कोच की सीट 30, 31, 32 के सामने का शीशा टूट गया। ट्रेन के मैनेजर रवींद्र कुमार ने इस घटना के संबंध में FIR दर्ज कराई है। FIR में कहा गया है कि आरोपी रात में रेलवे ट्रैक पर आकर पोल पर पत्थर से निशाना लगा रहे थे।

जिस समय आरोपी पत्थर से पोल पर निशाना लगा रहे थे, उसी समय वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरी। इस घटना ने रेलवे अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे पहले भी डाउन वंदे भारत पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article