Bihar Assembly Election: बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने तय हैं। राज्य में इन दिनों राजनीतिक हलचल काफी तेज है। एक के बाद एक नेताओं के बयान और जीत के दावे सामने आ रहे हैं। इस बीच विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुखिया मुकेश सहनी के एक बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
VIP के प्रमुख मुकेश सहनी
वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी ने हाल में एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अगर बिहार में महागठबंधन की जीत होती है और वह सत्ता में आता है, तो वे यानी मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री बनेंगे। इस बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सहनी ने निषाद समाज के लिए आरक्षण की मांग को फिर दोहराया है। यही नहीं विपक्षी गठबंधन में होने के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन देने की भी कही है। उनका कहना है कि अगर पीएम मोदी निषाद समाज के लिए आरक्षण की घोषणा करते हैं तो वे उनके लिए जान भी दे सकते हैं।
सहनी के इस बयान से कांग्रेस काफी असहज नजर आ रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा ने इसे गठबंधन की मर्यादा के खिलाफ बताया और तेजस्वी यादव से इस संबंध में हस्तक्षेप की मांग की। सहनी ने भी अपनी राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया है, जिसमें उन्होंने पूर्व में भाजपा के लिए काम करने और फिर महागठबंधन से जुड़ने की बात कही।
उन्होंने विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर दावेदारी जताई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महागठबंधन में सीट बंटवारे पर अधिकतर सहमति बन चुकी है। कांग्रेस ने उनके बयान को जल्दबाजी बताते हुए कहा कि गठबंधन में कोई भी बात पहले बैठक में होनी चाहिए, न कि मीडिया में।
