इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) होने तय हैं। अभी चुनावों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पक्ष-प्रतिपक्ष की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल पड़ा है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए उन्हें भ्रष्टाचार का 'भीष्म पितामह' करार दिया।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बताया भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार रिटायर्ड अफसरों के साथ मिलकर बिहार को लूट रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका बदला लेगी। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए RJD नेता ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और एक भी दिन ऐसा नहीं होता जब राज्य में अपराध न हो। तेजस्वी ने कहा कि डिप्टी सीएम के घर से अपराध की योजना बनाई जा रही है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में पटना में हुई हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में रोजाना हत्याएं हो रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वोटर लिस्ट के स्पेशल इन्टेंसिव रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर तेजस्वी ने कहा कि वह चुनाव आयोग के इस अभियान के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसके कार्यान्वयन के तरीके के खिलाफ हैं।
तेजस्वी ने सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त किया, जिसने आधार कार्ड को पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया है, जिससे वोटर बनने की प्रक्रिया में आसानी होगी। तेजस्वी ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया और कहा कि SIR होना चाहिए, लेकिन प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है।
