बेगूसराय : जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के शिवचंद्रपुर ढाला के पास होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बोरिंग पाइप लेकर बनारस से पिकअप वाहन पर सवार होकर भागलपुर जा रहे थे। तभी साहेवपुर कमाल स्थित एनएच-31 फोरलेन पर ट्रक ने पिकअप में जबरदस्त टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप ड्राइवर सहित तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेगूसराय में ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर
इनकी हुई मृत्यु
मृतकों की पहचान भागलपुर जिले के बीरबना गांव के रहने वाले मो. तनवीर, मो. कमाल और मो. नवाब रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है। जानकारी के मुताबिक पिकअप में सवार लोग घूम-घूमकर बोरिंग करने का काम करते थे। एक सप्ताह पहले बोरिंग करने के लिए बनारस गए थे। काम खत्म होने के बाद पिकअप पर सामान लोड कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पिकअप के केबिन में फंसे शवों को किसी तरह से निकाला। पिकअप वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर छानबीन शुरू कर दी गई। थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमलोग तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
