बिहार की राजधानी पटना में लोगों की धार्मिक आस्था और स्वास्थ्य दोनों के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। कोल्ड स्टोरेज में पूजा के फूलों के साथ अंडा, मांस और मछली जैसे नॉनवेज खाद्य पदार्थ रखे पाए गए हैं। इतना ही नहीं, आगामी त्योहारों और दीपावली के सीजन में बाजारों में खपाने के लिए भारी मात्रा में पुरानी और दूषित मिठाइयों को भी डंप करके रखा गया था। यह बड़ा खुलासा अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई औचक छापेमारी में हुआ है।
पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी
चूहों की बीट और गंदगी के बीच रखी मिलीं मिठाइयां
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। जिस कोल्ड स्टोरेज परिसर में पूजा-अर्चना में इस्तेमाल होने वाले फूलों को सुरक्षित रखा जाता था, उसी जगह पर अंडे, मछली और मांस का भंडारण किया जा रहा था। त्योहारों के मौके पर पटना वासियों की थाली तक पुरानी और बासी मिठाइयां पहुंचाने की बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। जांच में रसगुल्ले और अन्य मिठाइयों के डिब्बों के आसपास भारी गंदगी और चूहों का मल (बीट) बिखरा हुआ मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में भंडारण के नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन किया जा रहा था। पूजा के फूलों के साथ नॉनवेज सामग्री और दूषित माहौल में मिठाइयां रखी पाई गई हैं। नमूने लेकर पूरी सामग्री को जब्त किया जा रहा है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सामग्री जब्त, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाइयों और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजने के साथ ही बड़े पैमाने पर स्टॉक को जब्त कर लिया है। अब विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इस घटिया और अस्वास्थ्यकर भंडारण के पीछे किसकी मिलीभगत थी, क्या पटना के नामी मिठाई विक्रेताओं के जरिए इन पुरानी और दूषित मिठाइयों को त्योहारों के बाजार में बेचने की तैयारी थी, कोल्ड स्टोरेज के मालिकों और संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस रद्द करने और FIR दर्ज करने की क्या प्रक्रिया होगी?
