Patna Dispute: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक बच्ची के मुंह बिचकाने जैसी छोटी सी बात पर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति संभाली।
पटना के मकसूदपुर में बवाल, मामूली बात पर भिड़े दो पक्ष
पुलिस प्रशासन मुस्तैद, भारी बल तैनात
यह घटना फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव की है। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
फतुहा के एसडीपीओ (SDPO) अवधेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दो पक्षों के बीच झगड़े की वजह एक बच्ची का मुंह बिचकाना था। इस छोटी सी बात ने झगड़े का रूप ले लिया और बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। इस झड़प में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग जख्मी हो गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की
एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हिंसा के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पुलिस सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
