Paharganj, Delhi News: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे एक कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यहां नबी करीम थाना पुलिस ने मुल्तानी ढांडा इलाके में कार्रवाई करते हुए 8 महिलाओं को रेस्क्यू किया, जबकि कथित रैकेट चलाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्पा सेंटर से मामले से जुड़े जरूरी सबूत भी कब्जे में लिए हैं।
पहाड़गंज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई मकान नंबर 9139, गली नंबर-3, मुल्तानी ढांडा की दूसरी और तीसरी मंजिल पर की गई। पुलिस को यहां स्पा की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चलने के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने पहले डिकॉय कस्टमर के जरिए मौके पर गतिविधियों की पुष्टि की और फिर छापेमारी को अंजाम दिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में स्पा मालिक विवेक कुमार (27), मैनेजर दशरथ मंडल (36) और अमन (20) व गुड्डू कर्मकार (27) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्पा से कथित अवैध गतिविधियां चलाने और इसमें मदद करने की बात स्वीकार की है।
हालांकि, मामले से जुड़े आरोपों की विस्तृत जांच अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
ITP Act के तहत मामला दर्ज
नबी करीम थाने में मामले को लेकर FIR नंबर 419/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ITP Act की धारा 3/4/5 के तहत कार्रवाई की है।
छापेमारी के बाद पुलिस ने मौके से उपलब्ध सबूत जुटाए हैं। अब जांच टीम आरोपियों से पूछताछ के साथ अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। रेस्क्यू की गई महिलाओं से संबंधित आगे की कार्रवाई भी जांच के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
