Noida: पार्किंग को लेकर होने वाले झगड़े किस कदर जानलेवा साबित हो सकते हैं, इसका एक बेहद चौंकाने वाला और दुखद मामला नोएडा के सेक्टर 15 से सामने आया है। यहां गुरुवार रात पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में एक 30 वर्षीय IIT इंजीनियर ने अपने 77 वर्षीय बुजुर्ग पड़ोसी को कथित तौर पर धक्का दे दिया, जिसके कुछ ही घंटों बाद बुजुर्ग की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी इंजीनियर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
बाइक खड़ी करने को लेकर आपस में भिड़े थे पड़ोसी (सांकेतिक चित्र | iStock)
बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बुजुर्ग की पहचान प्रकाश चंद्र (77) के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी थे। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अंश गोयल के रूप में हुई है, जो IIT से पढ़ा हुआ इंजीनियर है और एक निजी कंपनी में काम करता है। दोनों सेक्टर 15 में अगल-बगल के घरों में रहते थे और उनके बीच घर के बाहर के कॉमन ओपन स्पेस में वाहन पार्क करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है, जब अंश गोयल अपने दफ्तर से लौटकर आया और अपनी मोटरसाइकिल को प्रकाश चंद्र के दोपहिया वाहन के ठीक बगल में पार्क करने लगा। इस पर बुजुर्ग प्रकाश चंद्र ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जानें क्यों देरी कर रहा मानसून और आज कहां पहुंचे बादल
अस्पताल में बुजुर्ग ने तोड़ा दम
फेज-1 थाना के प्रभारी (SHO) अमित कुमार मान ने बताया कि "बहस के दौरान गुस्से में आकर अंश गोयल ने प्रकाश चंद्र को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगते ही बुजुर्ग असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ और कोहनी में चोटें आईं। हंगामा सुनकर बुजुर्ग के परिवार वाले तुरंत घर से बाहर भागे। वे घायल प्रकाश चंद्र को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए। पुलिस के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग होश में थे और बातचीत कर रहे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू करने से पहले ईसीजी (ECG) भी किया था। लेकिन देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि से ऐसा प्रतीत होता है कि गिरने के कारण बुजुर्ग के सिर के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोट लगी थी, जो मौत की वजह बनी। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
IIT इंजीनियर पर BNS के तहत केस दर्ज
बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी अंश गोयल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 352(3) (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और परिवार के सदस्यों सहित पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
