Noida Crime: नोएडा सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर ठगता था। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर ठगी के 300 से ज्यादा मामलों का खुलासा किया है। नोएडा पुलिस को इस गिरोह की लंबे समय से तलाश थी। गिरोह के सदस्य बेरोजगार युवाओं को फर्जी वीजा, पासपोर्ट के आधार पर खाड़ी देशों में भेजने और वहां अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपना शिकार बनाते थे।
प्रतीकात्मक फोटो
पुलिस ने गिरफ्तार इन शातिर ठगों के पास से कई फर्जी वीजा पासपोर्ट के साथ लाखों रुपये की नगदी भी बरामद की है। इन आरोपियों से पूछताछ कर नोएडा पुलिस अब इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि, इस गिरोह की लंबे समय से तलाश थी। यह गिरोह अब तक सैकड़ों बेरोजगार युवाओं को ठग चुका है। सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके मुख्य सरगना सहित कुल तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। अभी इन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
300 लोगों से 40 लाख से अधिक की ठगी का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन आरोपितों से पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि, ये आरोपित इंटरनेट मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर विज्ञापन डालकर बेरोजगार युवाओं को खाड़ी देशों में नौकरी लगवाने का झांसा देते और फिर पासपोर्ट व वीजा बनवाने के नाम पर उनसे पैसे वसूलते थे। बदले में ये युवाओं को फर्जी कागजात पकड़ा देते थे। इन आरोपियों ने अब तक करीब 300 युवाओं से 40 लाख से अधिक की ठगी कबूल कर चुके हैं। इन आरोपियों के पास से 100 से अधिक फर्जी पासपोर्ट और लाखों रुपये की नकदी व अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के बारे में बीत कुछ दिनों में 30 से अधिक पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत दी थी।
