Noida News: नोएडा में एक नेपाली नौकर ने एक परिवार को नशीला सूप पिलकार बेहोश कर दिया। वह अपने साथी के साथ मिलकर घर में रखा नगदी और जेवर समेट कर भागने का प्लान कर ही रहा था कि सोसाइटी के लोगों को इसकी खबर हो गई और आरोपी के पकड़ लिया गया। हालांकि इस दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसका आरोपी दोस्त भागने में सफल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। यह प्रकरण नोएडा सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 107 स्थित एक सोसाइटी का बताया जा रहा है।
नोएडा में एक परिवार को बेहोश कर नौकर ने लूटा। (सांकेतिक फोटो)
बता दें कि एसीपी नोएडा प्रथम रजनीश वर्मा ने बताया है कि, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसके साथी के बारे में पूछताछ चल रही है। वहीं उसकी निशानदेही पर फरार एक आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि, सोसाइटी में एक परिवार रहा करता है। उनके यहां कुछ दिनों से एक नेपाली नौकर काम पर रखा गया था। पूछताछ में पता चला कि इस नौकर का एक साथी पिछले सप्ताह ही आया और इनके साथ ही उसी मकान में रहने लगा था। इसी बीच रविवार देर रात इन नौकरों ने मिलकर पूरे परिवार को सूप में कोई नशीला पेय पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जैसे ही परिवार के लोग बेहोश हुए, आरोपियों ने तिजोरी खोल सारी नगदी और जेवर समेट लिए। संयोग अच्छा था कि सोसाइटी के लोगों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद इन्हें गेट के पास ही गार्ड ने पकड़ लिया।
एक बच्चे ने नहीं पिया पूरा सूप
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया है कि, इस परिवार में एक नौ साल का बच्चा भी रहा करता है। आरोपियों ने उसके सूप में भी नशीला पदार्थ मिला दिया था, लेकिन पहले घूंट में ही उसे अजीब सा महसूस हुआ और उसने सूप को नहीं पिया। इधर, देखा कि सूप पीते ही परिवार के सारे लोग सो गए तो उसे शंका हो गई। उसने तुरंत घर से बाहर निकल कर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।
गार्ड ने गेट पर एक को दबोचा
बता दें कि सोसाइटी के लोगों ने बताया है कि, जैसे ही सोसाइटी में शोर होने लगा, आरोपी माल समेट कर फरार होने लगे। इतने में इन्हें एक गार्ड ने चुपके से गेट की ओर भागते देख लिया था और वहीं पर इन्हें पकड़ लिया। लेकिन इस आपाधापी में नौकर का दोस्त फरार हो गया। पुलिस ने बताया है कि, आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई सारी नगदी और जेवर बरामद कर लिए गए है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
