Noida: चिड़ियाघर घूमना सभी को पसंद होता है। जब भी चिड़ियाघर की बात होती है, तो बड़ों को भी उनका बचपन याद आ जाता है। बच्चों को चिड़ियाघर घूमने का बहाना चाहिए। ऐसे में अब आपको चिड़ियाघर घूमने के लिए दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब नोएडा के बायोडायवर्सिटी पार्क में एनसीआर का पहला डियर पार्क बनने जा रहा है। नोएडा वासियों को घूमने के लिए एक आकर्षक जगह मिल सके, इसके लिए प्राधिकरण इसपर काम कर रही है।
प्रतिकात्मक तस्वीर
नोएडा का पहला डियर पार्क
शहरवासियों के लिए अब नोएडा सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में डियर पार्क बनने जा रहा है। इस पार्क को विस्तृत रूप देने की तैयारी की जा रही है। प्राधिकरण ने यहां चिड़ियाघर यानी (मिनी-जू) बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके साथ ही यहां सनसेट सफारी भी बनाए जाने की प्लानिंग है। आपको बता दें कि यह शहर की पहली सफारी होगी। डियर पार्क में जलीय पक्षियों के लिए झीलनुमा वाटर बॉडी भी बनाई जाएगी।
नोएडा का पहला चिड़ियाघर
नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-91 में करीब 110 एकड़ में बायोडायवर्सिटी पार्क बना रखा है। लेकिन, अब इसके 30 एकड़ में मिनी जू बनाने की योजना तैयार की गई है। इस डियर पार्क को बनाने में 40 करोड़ रुपये की लागत आएगी। चिड़ियाघर के इस प्रस्ताव को अब प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
सनसेट सफारी का ले सकेंगे मजा
नोएडा में तैयार हो रही पहली सनसेट सफारी में रात करीब 10 बजे तक लोग स्पेक्ट्रम लाइट की रोशनी में हिरण और जलीय पक्षियों को निहार सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि स्पेक्ट्रम लाइट में वहां पर मौजूद जानवरों को अंधेरा ही लगेगा। वहीं, जो लोग सनसेट सफारी में पहुंचेंगे, वह जगह रोशनी से जगमगाती मिलेगी।
इन जगहों से लाए जाएंगे हरिण
इस पार्क में 10 प्रजातियों के 132 हिरण लाए जाएंगे। प्राधिकरण यह हिरण लखनऊ, कानपुर, हैदराबाद-जू के साथ अफ्रीका से भी मंगवाएगा। कानपुर जू से करीब 35, लखनऊ जू से करीब 54 तो हैदराबाद जू से 9 हिरण लाए जाएंगे। वहीं, 15 हिरण अफ्रीकी देशों से मंगवाए जाएंगे।
इतनी तरह की होंगी हिरण
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि देश के तीनों जू से हिरण के लिए बात की गई है और वहां इसके लिए तैयार हो गया है। हिरण की प्रजातियां भौंकने वाली हिरण, चीतल, सांभर, दलदल, हांग, भौंह आदि शामिल होंगी। यहां इन सुंदर हिरणों को देखने के लिए चार्ज भी देना होगा।
