Noida: नोएडा निवासी एक शख्स के ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से मंगाए सैंडविच में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है जिसके चलते स्वच्छता से जुड़े सवाल उठने लगे हैं। साथ ही इस घटना की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तेजी से वायरल हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
सैंडविच ऑर्डर करने वाले शख्स ने दावा किया कि उसके सैंडविच में सब्जियों और अन्य सामग्री के साथ एक डिस्पोजेबेल प्लास्टिक ग्लव्स मौजूद था। यह घटना 26 अगस्त की बताई जा रही है जब नोएडा निवासी एक शख्स ने सेक्टर 45 में स्थित एक आउटलेट से ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो के जरिए खाने के लिए सैंडविच ऑर्डर किया।
पोस्ट में सतीश सरावगी नामक शख्स ने बताया कि उसने दो सैंडविच ऑर्डर किए जिसमें से एक ब्रोकली, कॉर्न और बेसिल पेस्टो सैंडविच (सॉरडो बागुएट में) था, जबकि दूसरा स्मोक्ड कॉटेज चीज और पेपर सैंडविच था। पोस्ट में कहा गया, ''मैने सैंडविच ऑर्डर किया था और उसके ग्लव्स निकला है। यह घटना गंभीर स्वच्छता से जुड़ा मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।''
जोमैटो ने क्या कुछ कहा
इस मामले के सामने आने पर जोमैटा ने प्रतिक्रिया दी और इस घटना को निराशाजनक करार दिया। जोमैटो ने एक्स पर लिखा, ''नमस्ते सतीश, यह सुनकर हमें बहुत धक्का लगा है। हम सोच भी नहीं सकते कि यह आपके लिए कितना निराशाजनक रहा होगा। कृपया हमें कुछ समय दें ताकि हम रेस्टोरेंट पार्टनर से बात कर सकें। हम इस बारे में आगे बात करने के लिए आपसे संपर्क करेंगे।''
