Bharat Bandh Today: किसानों के शुक्रवार के भारत बंद को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने यातायाता परामर्श जारी किया है। साथ ही जिले में धारा 144 लागू की गई है। लोगों के एक जगह जुटने पर रोक रहेगी। समझा जाता है कि यातायात परामर्श का असर दिल्ली की यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा। लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा सकता है। पुलिस ने दिल्ली जाने और आने वाले यात्रियों को नोएडा में किये गये यातायात परिवर्तन को लेकर आगाह किया और लोगों को असुविधा से बचने के लिए जहां तक संभव हो मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करने के लिए आग्रह किया है।
Check-Bharat Bandh Live Updates Here
जुलूस या प्रदर्शन पर रोक रहेगी
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘संयुक्त किसान संगठन (एसकेएम) और विभिन्न संगठनों द्वारा शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन जैसे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसलिए 16 फरवरी को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की जाती है।’ आदेश के अनुसार पांच या इससे अधिक लोगों की गैरकानूनी सभा, राजनीतिक या धार्मिक सहित अनधिकृत जुलूस या प्रदर्शन पर रोक रहेगी।
मेट्रो सेवा लेने की अपील
पुलिस ने कहा, ‘यातायात असुविधा से बचने के लिए दिल्ली जाने वाले लोग जितना संभव हो सके मेट्रो का इस्तेमाल करें। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने और परी चौक के रास्ते सिरसा से सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आगमन प्रतिबंधित रहेगा। असुविधा से बचने के लिए चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।’
भारत में 37 किसान संगठन शामिल
आज के बंद में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले कुल 37 किसान संगठन शामिल हैं। इन्हें अपने बंद को ग्रामीण भारत कहा है। यह बंद पंजाब के किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च के समर्थन में भी है।
दिल्ली में पहले से यातायात प्रतिबंध लागू है
एमएसपी की गारंटी पर कानून के लिए पंजाब के किसान पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। ये किसान हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर जुटे हैं और दिल्ली में दाखिल होना चाहते हैं लेकिन पुलिस इन्हें आगे बढ़ने नहीं दे रही है। किसानों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सिंघू सीमा बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन यातायात के लिए बंद रही, जिससे सामान लेकर अपने छोटे बच्चों के साथ आने वाले कई यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
