Nagpur Ganja Seizure: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एनसीबी (NCB) मुंबई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी की टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में एक कमर्शियल मालवाहक ट्रक को रोककर उसमें से 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बाजार में जब्त किए गए इस गांजे की कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर, उसके साथी और मुख्य रिसीवर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
NCB ने नागपुर में दबोचे 3 बड़े तस्कर
जांच में सामने आया है कि यह नशीला पदार्थ ओडिशा के संबलपुर से ट्रक में लोड करके लाया गया था। इस खेप को नागपुर के मुख्य रिसीवर तक पहुंचाना था, जहां से इसे आगे महाराष्ट्र के जालना और मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सप्लाई करने की योजना थी। तस्करों का यह अंतर्राज्यीय गिरोह सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए सीधे रास्तों के बजाय कई उलझे हुए रास्तों का इस्तेमाल करता था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'फिर चारों ओर फैल गए खटमल...', CJP के प्रदर्शन पर भड़के CM सुवेंदु अधिकारी, बोले- इन्हें जड़ से उखाड़ना होगा
गुप्त सूचना के आधार पर NCB ने की कार्रवाई
एनसीबी को सटीक जानकारी मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रहने वाले आर.पी. गोल्डर और ए. सरकार नाम के दो व्यक्ति इस खेप को लेकर नागपुर आ रहे हैं। इसके बाद एनसीबी की टीम ने नागपुर में जाल बिछाया। रविवार सुबह जैसे ही पश्चिम बंगाल नंबर का ट्रक वहां पहुंचा, उसे चारों तरफ से घेर लिया गया। जब ट्रक में लदे सामान की तलाशी ली गई, तो इंदौर भेजे जा रहे स्टील पाइपों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया 500 किलो गांजा बरामद हुआ।
क्या बोली पुलिस?
ट्रक सवारों से मौके पर की गई पूछताछ के आधार पर एनसीबी ने तत्काल जाल बिछाकर नागपुर में बैठे मुख्य रिसीवर एस.ए.एस. यूसुफ उर्फ राजाभाई को भी रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, राजाभाई पिछले 4-5 सालों से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है और उस पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
एनसीबी इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गहराई से जांच कर रही है और अन्य साथियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि एनसीबी इस क्षेत्र में लगातार कार्रवाई कर रही है और इससे पहले भी गोंदिया, भंडारा और नागपुर में भारी मात्रा में गांजा जब्त कर चुकी है।
