Namo Bharat News: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार आज 4 अगस्त से 12 अगस्त तक नमो भारत कॉरिडोर के 17 स्टेशनों पर कई प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इसके साथ ही प्रभावित गेटों के पास पार्किंग सुविधाओं पर भी सीमित व्यवस्था लागू रहेगी।
4 से 12 अगस्त तक नमो भारत कॉरिडोर पर बदले रहेंगे नियम
किन स्टेशनों पर लागू रहेगी यह व्यवस्था?
जिन स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू रहेगी उनमें मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद स्टेशन शामिल हैं। अधिकांश स्टेशनों पर गेट नंबर-2 को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। हालांकि कुछ स्टेशनों पर अलग व्यवस्था लागू होगी। बेगमपुल स्टेशन पर गेट नंबर-2 और 3 बंद रहेंगे, जबकि दुहाई स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 4 से प्रवेश या निकास नहीं किया जा सकेगा। वहीं गाजियाबाद स्टेशन पर गेट नंबर-3 और 5 बंद रहेंगे। जिन गेटों को बंद किया गया है, उनके आसपास स्थित पार्किंग क्षेत्रों का इस्तेमाल भी इस अवधि में नहीं किया जा सकेगा।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से की अपील
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने स्टेशन पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों की जानकारी लेकर ही सफर करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निगम ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है। एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि इन अस्थायी प्रतिबंधों का असर नमो भारत ट्रेन सेवाओं पर नहीं पड़ेगा। सराय काले खां से मोदीपुरम कॉरिडोर पर ट्रेनों का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। 14 अगस्त तक नमो भारत ट्रेनें प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक यात्रा मिलती रहेगी।
