Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर इलाके में बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक आभूषण दुकान को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। हालांकि, इस दौरान आभूषण कारोबारी और स्थानीय जनता की मुस्तैदी के कारण एक शातिर अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी माल लेकर फरार होने में कामयाब रहे। इस पूरी वारदात का सनसनीखेज CCTV फुटेज भी सामने आया है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
एक आरोपी को मौके पर पकड़कर पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर स्थित आभूषण दुकान पर एक मोटरसाइकिल से सवार होकर तीन अपराधी पहुंचे। दुकान में ग्राहक बनकर घुसे बदमाशों ने पलक झपकते ही अपनी कमर से कट्टा और पिस्टल निकाल ली और लूटपाट शुरू कर दी। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से घबराने के बजाय आभूषण दुकान के मालिक धर्मेंद्र ने अदम्य साहस का परिचय दिया। वे सीधे हथियारबंद अपराधियों से ही भिड़ गए। दुकानदार के विरोध को देखकर अपराधी पूरी तरह घबरा गए। धर्मेंद्र को हावी होता देख बदमाश दुकान की सेफ और काउंटर से लगभग 2 लाख रुपये के आभूषण समेटकर बाहर की तरफ भागने लगे।
लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों के पीछे धर्मेंद्र भी काउंटर लांघकर बाहर भागे और शोर मचाना शुरू कर दिया। दोपहर के वक्त बाजार में शोर सुनकर आस-पास के स्थानीय दुकानदार और राहगीर तुरंत हरकत में आ गए और उन्होंने भाग रहे बदमाशों को घेर लिया। इस हड़बड़ाहट में बाइक सवार अपराधियों में से एक को जनता ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी नकदी और जेवर लेकर पैदल ही भागने में सफल रहे। पकड़े गए अपराधी की उग्र भीड़ ने मौके पर ही लात-घूंसों से जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- बिहार में गजब की चोरी! बक्सर में दिनदहाड़े गायब हो गया 40 मीटर ऊंचा पूरा मोबाइल टावर; जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीण एसपी ने की घटना की पुष्टि, छापेमारी जारी
घटना की भनक लगते ही कांटी थाना की पुलिस भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ के चंगुल से घायल अपराधी को छुड़ाकर अपनी हिरासत में लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस की टेक्निकल टीम और एफएसएल ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया, कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में एक आभूषण दुकान में लूट की घटना घटित हुई है। दुकानदार के साहस और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एक अपराधी को रंगे हाथों मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार अपराधियों के सटीक ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
