Mumbai School Holiday: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 जुलाई 2026 के लिए मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई के सभी सरकारी, प्राइवेट और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद (प्रतीकात्मक फोटो)
इनपर नहीं होगा आदेश का असर
हालांकि, इस आदेश का असर सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों पर नहीं होगा। सभी सरकारी एवं प्राइवेट ऑफिस पूर्व निर्धारित समय के अनुसार खुले रहेंगे और सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा। इस बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और संभावित जलभराव को देखते हुए वे बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर निकलने से बचें तथा मौसम संबंधी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज
बीएमसी के स्वचालित वर्षा मापक (रेन गेज) नेटवर्क के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान मुंबई के कई स्थानों पर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर यह आंकड़ा 300 मिमी से अधिक रहा। सबसे अधिक 310.6 मिमी बारिश विक्रोली पश्चिम में बिल्डिंग प्रपोजल ऑफिस में दर्ज की गई, इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन (306.6 मिमी) और विक्रोली में टैगोर नगर म्यूनिसिपल स्कूल (301.8 मिमी) का स्थान रहा।
इंडिगो की चार उड़ान रद्द
वहीं भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रविवार को मुंबई एयरपोर्ट पर लगभग एक घंटे तक सभी रनवे पर उड़ानों का संचालन रोक दिया गया, जिसके चलते इंडिगो की चार उड़ान रद्द कर दी गईं। सूत्रों ने बताया कि अलग-अलग विमानन कंपनियों की 13 उड़ानों का मार्ग बदलकर पास के हवाई अड्डों की ओर भेज दिया गया। खराब मौसम के कारण दूसरी जगह भेजे गए सभी 13 विमान बाद में वापस मुंबई पहुंच गए। इस बीच, उड़ानों का डेटा एकत्र करने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मुंबई हवाई अड्डे से रवाना होने वाली 90 प्रतिशत उड़ानों ने औसतन 65 मिनट की देरी से उड़ान भरी, जबकि आने वाली 45 प्रतिशत उड़ान भी देरी से पहुंचीं, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- मुंबई में बारिश के बीच मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने गिरा पेड़, बांद्रा में कुछ देर थमा ट्रैफिक
रनवे पर संचालन हुआ प्रभावित
इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट ने एक बयान में कहा, "सुबह लगभग 10:17 बजे भारी बारिश के कारण विजिबिलिटी कम हो गई थी इससे रनवे पर संचालन प्रभावित हुआ।" हवाई अड्डा संचालक ने कहा कि यात्रियों, विमानों और हवाई अड्डे पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तय प्रक्रिया के तहत रनवे पर संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।बयान में कहा गया है कि मौसम परिस्थितियों में सुधार होने पर एक घंटे बाद रनवे पर संचालन सामान्य रूप से शुरू हुआ। सूत्रों के अनुसार, रद्द की गईं इंडिगो की उड़ानों में 6ई 395 (दिल्ली-मुंबई), 6ई 5273 (मुंबई-इंदौर), 6ई 552 (इंदौर-मुंबई) और 6ई 6613 (मुंबई-दिल्ली) शामिल हैं।
