Mumbai Rain News: मुंबई में मानसून आगमन के बाद से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बुधवार सुबह से मुंबई और उसके उपनगरों में तेज बारिश का ताडंव जारी है। जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आस-पास के इलाकों के लिए आज भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई, पालघर,मुंबई उपनगर, ठाणे और रायगढ़ में तात्कालिक रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून इस समय अपने चरम पर है और अगले 4 दिनों तक मुंबईकरों को आफत की बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
मुंबई में मूसलाधार बारिश जारी, अगले कुछ घंटे रेड अलर्ट जारी
मुंबई में देर रात से जारी झमाझम बारिश के चलते वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, किंग्स सर्कल, गांधी मार्केट और अंधेरी अंडरपास समेत कई निचले इलाकों में गंभीर जलभराव (Waterlogging) देखने को मिल रहा है, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार थम सी गई है। सड़कों पर पानी भरने के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में काफी समस्या हो रही है।
पालघर जिले में 'रेड अलर्ट' (Red Alert)
पालघर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए जिला कलेक्टर इंदुरानी जाखड़ ने एहतियातन आज जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी है। मुंबई से सटे रायगढ़ जिले में भी स्कूल-कॉलेज में आज अवकाश घोषित किया गया है।
मुंबई में भारी बारिश का कहर
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अलर्ट
आईएमडी ने मुंबई में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मुंबई के कुछ इलाकों में बहुत तेज बारिश हो सकती है। वहीं कोंकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले चार दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। विदर्भ के नागपुर, भंडारा, वर्धा, चंद्रपुर, अमरावती और अकोला समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई इलाकों में हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई के कई हिस्सों में बहुत तेज बारिश हुई। सबसे अधिक सांताक्रूज में 165.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जुहू एयरपोर्ट में 164.5 मिमी, विक्रोली में 163 मिमी, राम मंदिर स्टेशन पर 157 मिमी और बांद्रा में 141.5 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं विद्याविहार में 132 मिमी, चेंबूर में 99.5 मिमी, कोलाबा में 99 मिमी और बायकुला में 97.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रशासन ने जारी की सलाह
प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले इलाकों से बचने, खराब मौसम में बेवजह यात्रा न करने और रेलवे व सड़क यातायात की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील की है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
