महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री एकनाथराव खडसे के जलगांव स्थित आवास, ‘मुक्ताई बंगले’ में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि चोरों ने मध्य रात्रि में बंगले का ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के कमरों में घुसकर अलमारियों को तोड़ा। इस घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ, जब घर का कामकाज संभालने वाली महिला सफाई के लिए बंगले पहुंची। महिला ने टूटा हुआ दरवाजा देख तुरंत पुलिस की टीम को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
चोरों ने खाली बंगले को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरी की इस वारदात के दौरान बंगले में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, क्योंकि खडसे परिवार फिलहाल इस आवास में नहीं रहता। हालांकि, चोर कितनी कीमत का सामान या नकदी लेकर फरार हुए हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। घटना की सूचना पर जलगांव पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से इसका निरीक्षण शुरू किया।
चोरों ने खडसे परिवार को दूसरी बार बनाया निशाना
बंगले में चोरी से कुछ ही दिन पहले एकनाथ खडसे की बहू और राज्य की मंत्री रक्षा खडसे के पेट्रोल पंप पर भी डकैती की वारदात हुई थी। लगातार दूसरी बार खडसे परिवार को निशाना बनाए जाने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह महज एक इत्तेफाक है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। जलगांव पुलिस चोरी के एंगल से मामले की जांच के साथ राजनीतिक/व्यक्तिगत रंजिश वाले एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस की टीम ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
