मुंबई

Mumbai: संजय राउत की बिगड़ी तबीयत, सार्वजनिक कार्यक्रमों से बनाई दूरी; कल होना है विपक्षी दलों का मार्च

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों से अस्थायी दूरी बना ली है। उन्होंने पत्र जारी कर बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें भीड़-भाड़ से दूर रहने की सलाह दी है। यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब मुंबई में विपक्षी दल मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं।

Image

संजय राउत की बिगड़ी तबीयत (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Sanjay Raut News: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत अचानक स्वास्थ्य समस्या के कारण सार्वजनिक कार्यक्रमों से अस्थायी रूप से दूर हो गए हैं। उन्होंने खुद अपने खराब स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी और कहा कि मुझे बाहर जाने और भीड़-भाड़ में जाने से मना किया गया है। इलाज चल रहा है, मैं जल्द ही इससे उबर जाऊंगा।

राउत ने जारी किया पत्र

शिवसेना-यूबीटी के सांसद राउत ने अपने सभी मित्रों, परिवारजनों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक पत्र जारी किया। उन्होंने इस पत्र में लिखा, "आप सभी ने हमेशा मुझ पर विश्वास किया है और मुझे प्यार दिया है, लेकिन अब अचानक पता चला है कि मेरी सेहत में गंभीर गिरावट आई है। इलाज चल रहा है, मैं जल्द ही इससे उबर जाऊंगा।" उन्होंने पत्र में लिखा, "डॉक्टर की सलाह के अनुसार, मुझे बाहर जाने और भीड़-भाड़ में जाने से मना किया गया है। इससे बचने का कोई रास्ता नहीं है।" संजय राउत ने आगे लिखा है, "मुझे विश्वास है कि मैं शीघ्र स्वस्थ हो जाऊंगा और नए साल में आपसे मिलने आऊंगा। आपका प्यार और आशीर्वाद बना रहे।"

सार्वजनिक कार्यक्रमों से बनाई दूरी

संजय राउत ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से उस समय दूरी बनाने का फैसला लिया है, जब एक दिन बाद शनिवार को मुंबई में विपक्षी पार्टियां मतदाता सूची में गड़बड़ी जैसे आरोपों को लेकर मार्च निकालेंगी। शिवसेना-यूबीटी के मुखपत्र 'सामना' के अनुसार, मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ मुंबई में एक नवंबर को मोर्चे का नेतृत्व एनसीपी-एसपी के अध्यक्ष शरद पवार, शिवसेना-यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वामपंथी दलों के नेता करेंगे।

गुरुवार को हुई थी मीटिंग

'मोर्चा' निकालने की योजना पर गुरुवार को सभी दलों की एक संयुक्त बैठक हुई थी। बैठक में उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, एनसीपी-एसपी के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे, युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे, जितेंद्र आव्हाड, कांग्रेस नेता नसीम खान और सचिन सावंत, कम्युनिस्ट पार्टी के कॉमरेड प्रकाश रेड्डी, शेकाप के जयंत पाटील, शिवसेना-यूबीटी सांसद अनिल देसाई, विधायक एड. अनिल परब, मनसे नेता बाला नांदगावकर, नितीन सरदेसाई, शिवसेना सचिव मिलिंद नार्वेकर और साईनाथ दुर्गे शामिल हुए थे। समाचारपत्र 'सामना' के अनुसार, गुरुवार को विपक्षी दलों की यह बैठक लगभग डेढ़ घंटे चली। प्रेस वार्ता में कहा गया, "निर्वाचन आयोग के लापरवाह रवैये, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावों में अनियमितताओं के खिलाफ यह मोर्चा निकाला जा रहा है।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article