Mumbai News: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (मुंबई) ने कोकीन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार थाईलैंड स्थित सिंडिकेट के सरगना नवीन चिंचकर की 10 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इन संपत्तियों में नकदी, महाराष्ट्र भर में पांच अचल संपत्तियां और 15 बैंक खाते शामिल हैं।
जनवरी में हुई थी आरोपी की गिरफ्तारी (सांकेतिक तस्वीर | PTI)
31 जनवरी को, एनसीबी अधिकारियों ने 11.540 किलोग्राम कोकीन, 4.9 किलोग्राम मारिजुआना और 5.5 किलोग्राम कैनाबिस गमी भी जब्त कीं, जिसके बाद चिंचकर सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। NCB के मुताबिक,नवीन चिंचकर कोकीन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाया गया था और विदेश से गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
NCB के जारी किए गए कुर्की आदेश की पुष्टि SAFEMA और NDPS अधिनियम के अंतर्गत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक के कार्यालय ने की है। नवीन चिंचकर और उनके सहयोगी धीरज चिंचकर की जब्त संपत्तियों में 15 बैंक खाते, नकदी और महाराष्ट्र के पांच जगहों पर स्थित अचल संपत्तियां शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, थाईलैंड में रहने वाला सरगना मुंबई में कोकीन भेज रहा था, जिसे बाद में अलग-अलग इलाकों में फैलाया जाता था। यही नहीं, इसकी तस्करी के तार विदेशों से भी जुड़े हैं। जांच के दौरान, इस अंतर्राष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट को संचालित करने वाले सरगना को मलेशिया से बाहर कर गिरफ्तार कर लिया गया। कई ड्रग सहयोगियों जैसे अवैध हवाला मैनेजर, ट्रांसपोर्टर, डिस्ट्रिब्यूटर, पेडलर और कई सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला ड्रग तस्करी नेटवर्क की प्रभावी पहचान करने और ड्रग तस्करी से अर्जित धन से अर्जित संपत्तियों को जब्त करके उनके पूरे सिस्टम को बाधित करने की NCB की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
