भारत जैसा बड़ा देश परिवहन के सिर्फ एक साधन के भरोसे नहीं रह सकता। वैसे तो इतने बड़े देश को जोड़ने में रेलवे का कोई मुकाबला नहीं। लेकिन हाईवे और एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी का बेहतरीन माध्यम हैं। शहरों और गांवों को आपस में जोड़ने में हाइवे और एक्सप्रेसवे अहम भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि देशभर में एक के बाद एक एक्सप्रेसवे और हाईवे रोड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं। देश का पहला एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेसवे मुंबई और पुणे के बीच बना था। इसके बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, समृद्धि एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसे कई एक्सप्रेसवे बन गए हैं और कुछ बन रहे हैं। इसी कड़ी में अब अब जल्द ही मुंबई-पुणे हाईवे की पहचान भी बदलने वाली है।
मुंबई-पुणे हाईवे बेंगलुरु तक बढ़ेगा (फोटो - AI)
कनेक्टिविटी में सुधार और यात्रा समय को कम करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि मुंबई-पुणे हाईवे पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इस हाईवे को अब आगे बेंगलुरु तक बढ़ाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पुणे से बेंगलुरु तक का सफर सिर्फ 5 घंटे में पूरा हो जाएगा।
मुंबई-पुणे हाईवे जल्द ही अटल टनल के माध्यम से पुणे रिंग रोड से जुड़ेगा। यह हाईवे आगे चलकर बेंगलुरु तक भी जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में जबरदस्त सुधार देखने को मिलेगा। गडकरी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए किसी तरह के शिलान्यांस की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि निर्माण कार्य पहले ही काफी तेज गति से शुरू हो चुका है।
कंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह भी बताया कि पुणे में सड़क और राजमार्ग बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल 2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुणे एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन का इंतजाम किया और पुणे मेट्रो परियोजना को जल्द शुरू करने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने यह भी बताया कि एक निजी कंपनी की महंगी बोली को खारिज कर 1600 करोड़ रुपये की परियोजना राज्य सरकार को सौंपी गई है।
इसके अलावा नितिन गडकरी ने पुणे जिले में एलिवेटेड रोड बनाने की योजना का भी जिक्र किया। जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और शहर की कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और एकनाथ शिंदे ने गडकरी के प्रयासों की तारीफ की और उन्हें पुणे में सड़क विकास के लिए धन्यवाद दिया।
यह परियोजना न सिर्फ महाराष्ट्र के लिए बल्कि, दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
