Mumbai News: सोमवार सुबह मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में उस समय अफरातफरी मच गई जब लोकप्रिय टीवी सीरियल अनुपमा के सेट पर अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 6 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेट पर धुआं उठता देखा गया, जिसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने तत्परता से आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सेट पर मौजूद सभी कलाकारों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अनुपमा सीरियल के सेट पर लगी आग
फायर ब्रिगेड के अथक प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा अब तक नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अनुपमा का सेट फिल्म सिटी ऑफिस के पास स्थित है, जबकि शो का दूसरा सेट बिग बॉस के सेट के सामने बना हुआ है। जिस सेट पर आग लगी, वह मुख्य रूप से शूटिंग के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। इसी क्षेत्र में अभिनेता अमर उपाध्याय के शो डोरी का सेट भी है, जिसे इस आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब फिल्म सिटी में किसी टीवी शो के सेट पर आग लगी हो। इससे पहले 10 मार्च 2023 को गुम है किसी के प्यार में के सेट पर भी भीषण आग लग गई थी, जिसमें पूरा सेट जलकर खाक हो गया था। स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाला धारावाहिक अनुपमा देश के सबसे लोकप्रिय टीवी शोज में से एक है। इसमें अभिनेत्री रुपाली गांगुली मुख्य भूमिका में हैं और उनकी अदाकारी दर्शकों के बीच बेहद पसंद की जाती है।
(इनपुट - आईएएनएस)
