मुंबई

मुंबई की लोकल ट्रेन में कम होगी भीड़! ऑफिस टाइमिंग बदलने से आसान होगा सफर, जानें क्या है रेलवे का प्लान

Mumbai News Today in Hindi (मुंबई की खबर): मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीड़ और हादसों को कम करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे ने लगभग 800 दफ्तरों को ऑफिस टाइमिंग में लचीलापन लाने की अपील की है। इसका उद्देश्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करना है। साथ ही दुर्घटनाओं को कम करना है।

Image

मुंबई लोकल ट्रेन - फाइल फोटो (PC - istock)

Mumbai Local Train: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में रोजाना लाखों लोग यात्रा करते हैं। लेकिन समय के साथ बढ़ती भीड़ और सुरक्षा संबंधी समस्याएं अब गंभीर रूप ले चुकी हैं। जिसे देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने एक अहम कदम उठाया है। रेलवे ने शहर के करीब 800 दफ्तरों से उनके ऑफिस टाइमिंग में बदलाव करने की अपील की है। जिससे पीक ऑवर्स में ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम किया जा सके। इससे सुरक्षा और सुविधा में भी सुधार होगा।

सुबह और शाम में होती है सबसे अधिक भीड़

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक मुंबई की रोजाना 1810 लोकल ट्रेनें चलती हैं। जिनमें करीब 35 लाख यात्री सफर करते हैं। लोकल ट्रेन में सबसे ज्यादा भीड़ सुबह 8 से 11 बजे और शाम 5 से 8 बजे के बीच होती है। भीड़भाड़ ज्यादा होने के कारण दुर्घटना होने की आशंका भी बढ़ जाती है। हाल ही में मुंब्रा स्टेशन के पास 8 यात्रियों के गिरने की घटना हुई। जिसके बाद रेलवे को स्थिति में सुधार करने की चेतावनी भी मिली।

2005 से 2024 तक ट्रेन हादसे में मौत के आंकड़े

पुराने आंकड़ों पर नजर डाले तो साल 2005 से जुलाई 2024 तक लोकल ट्रेनों से संबंधित हादसों में 51,802 यात्रियों की मौत हुई है। जिनमें से ज्यादातर हादसे ट्रेन से गिरने या रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई हैं। इन खतरनाक आंकड़ों को देखते हुए रेलवे ने नए रेक में ऑटोमैटिक डोर क्लोजर सिस्टम लगाने की भी योजना बनाई है। साथ ही पत्र लिखकर ऑफिस टाइमिंग में लचीलापन अपनाने की अपील की है। अब यह देखना बाकी है कि मुंबई के कार्यालय रेलवे की अपील पर कितना अमल करते हैं, लेकिन यदि यह कदम सफल होता है तो मुंबई की लोकल यात्रा न केवल सुविधाजनक, बल्कि सुरक्षित भी बन सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article