मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों सियासी भूचाल सा आ गया है। यहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाना पटोले ने विधानसभा में एक पेन ड्राइव का जिक्र किया, जिसमें कथित हनी ट्रैप कांड से जुड़े सबूत होने का दावा किया गया। पटोले ने कहा कि इस मामले में 72 वरिष्ठ IAS अधिकारियों और कई पूर्व मंत्रियों का नाम शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास सबूत हैं और सरकार को इस पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। यह हनी ट्रैप रैकेट नासिक, ठाणे और मुंबई के तीन बड़े शहरों में सक्रिय बताया जा रहा है।
सांकेतिक फोटो (फोटो-Istock)
मंत्रियों को किया गया ब्लैकमेल
न्यूज 18 की खबर के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोप है कि एक महिला ने मंत्रियों और अधिकारियों को फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल किया और गोपनीय जानकारी हासिल की। यह महिला नासिक की निवासी है और एक पूर्व राजनीतिक पदाधिकारी भी रह चुकी है। पटोले ने विधानसभा में पेन ड्राइव दिखाते हुए कहा कि यदि सरकार चाहे, तो वह इसे सौंप सकते हैं। इस बयान के बाद सत्ता पक्ष में हंगामा मच गया।
सूत्रों के अनुसार, पिछले दो हफ्तों से इस मामले को दबाने के लिए बातचीत चल रही है। सरकार ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि यदि कोई अधिकारी या पूर्व मंत्री दोषी पाया गया, तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, ठाणे क्राइम ब्रांच को तीन शिकायतें मिली हैं, जिनकी गोपनीय जांच चल रही है।
