Buldhana News: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के बावणवीर गांव में बीती रात देवी के विसर्जन जुलूस के दौरान अज्ञात लोगों ने पथराव किया। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। इस पथराव में कुछ लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर 10 लोगों को हिरासत में लिया। इस घटना के बाद गांव के अलग-अलग पंडालों के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक देवी की मूर्ति विसर्जन को रोक दिया। पुलिस के समझाने के बाज सुबह करीब 6 बजे मूर्ति विसर्जन किया गया।
बावणवीर गांव में पुलिस बल तैनात
हर साल आयोजित होता है जुलूस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बावणवीर में हर साल यह जुलूस आयोजित होता है। इस बार मूर्ति विसर्जन के दौरान रास्ते पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर बहस शुरू हुई। जिसके बाद यह विवाद हिंसा में बदल गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है। इस घटना के दौरान घायल हुए कुछ लोगों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज को खंगाल रही है। साथ ही वायरल वीडियो की मदद से भी आरोपियों की पहचान की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अब गांव में शांति है।
