Thane Local Train: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आज सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं। यहां कसारा और टिटवाला स्टेशन के बीच भारी बारिश और एक पेड़ गिरने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं अस्थाई रूप से रोकी गई हैं। पटरियों को साफ करने का कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।
ठाणे में लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित
बारिश के कारण पटरियों पर आई मिट्टी
अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे भारी बारिश के कारण आटगांव और तानशेट स्टेशन के बीच पटरियों पर मिट्टी आ गई और वाशिंद स्टेशन के पास एक पेड़ गिरने से पटरियां बंद हो गईं। जिसकी वजह से कल्याण-कसारा मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। मध्य रेलवे (सीआर) के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कसारा और टिटवाला के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे पटरियों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें - Bihar Weather: बिहार में अभी और बरसेंगे बादल, इन जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश के आसार, जानें मौसम पर IMD का अपडेट
ओवरहेड इक्विपमेंट का एक खंभा झुका
मध्य रेलवे के एक अन्य प्रवक्ता ने बताया कि वाशिंद के पास ‘ओवरहेड इक्विपमेंट’ (ट्रेन में विद्युत कर्षण के जरिए ऊर्जा संचारित करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला उपकरण) का एक खंभा झुक गया और एक ट्रेन का ‘पेंटोग्राफ’ (विद्युतग्राही उपकरण) उसमें उलझ गया। अधिकारी ने कहा कि मरम्मत का काम जारी है और पटरियों को जल्द से जल्द साफ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और रायगढ़ सहित उसके पड़ोसी क्षेत्रों की जीवन रेखा माना जाता है। मध्य रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 30 लाख से अधिक लोग यात्रा करते हैं।
