Kolhapur Building Collapse: महाराष्ट्र के कोल्हापुर में फुलवाड़ी इलाके में मंगलवार रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां निर्माणाधीन फायर स्टेशन का स्लैब अचानक गिर गया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। हालांकि स्लैब गिरने की वजह अभी सामने नहीं आई है।
निर्माणाधीन बिल्डिंग का स्लैब गिरने से हादसा (ANI)
निर्माण कार्य के दौरान हादसा
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, कोल्हापुर नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनीष रणबीसे ने बताया कि कोल्हापुर नगर निगम अग्निशमन विभाग की इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। जहां स्लैब का काम अपने अंतिम चरण में था। तभी इमारत का स्लैब अचानक गिर गया। जिससे ठेकेदार और अन्य कर्मचारियों समेत छह लोग अंदर फंस गए थे। जिसमें से पांच लोगों को दमकल विभाग ने बचा लिया है। हालांकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) धीरज कुमार बच्चू ने पुष्टि की कि फुलेवाड़ी इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी
मृतक की पहचान 38 वर्षीय नवनाथ अण्णाप्पा कागलगर निवासी शाहूनगर, वड़वाड़ी के तौर पर हुई है। वहीं 30 वर्षीय अक्षय पिराजी लाड निवासी शिव शक्ति कॉलोनी, गंगोई लॉन, 37 वर्षीय दत्तात्रय सुभाष शेंबडे, 56 वर्षीय जया सुभाष शेंबडे निवासी संभाजीनगर, 40 वर्षीय वनिता बापू गायकवाड निवासी संभाजीनगर और 60 वर्षीय सुमन सदा वाघमारे निवासी संभाजीनगर इस हादसे में घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर अग्निशमन दल, आपत्ति प्रबंधन पथक, पुलिस और मेडिकल टीम बचाव कार्य में जुटी हैं। लेकिन बारिश और अंधेरे की वजह से इसमें दिक्कत आ रही हैं।
