Mumbai News: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने 25 से 28 अक्टूबर के बीच एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मात्र चार दिनों की इस अवधि में विभाग ने कुल 9 यात्रियों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इन यात्रियों के पास से लगभग 12 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ (weed/मारिजुआना) और करीब 55 लाख रुपये के एप्पल आईफोन 17 प्रो मैक्स, लैपटॉप तथा अन्य सामान जब्त किए गया। पुलिस ने बताया उन्हें इसकी खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से हो रही तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने बताया कि तस्करों ने बैंकॉक और शारजाह जैसे स्थानों से तस्करी के लिए हवाई मार्ग का इस्तेमाल किया, लेकिन कस्टम अधिकारियों की सतर्कता और खुफिया जानकारी ने उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया।
ट्रॉली बैग में छिपाकर हो रही थी तस्करी
अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सामान में सबसे बड़ा हिस्सा मादक पदार्थों का है, जिसका कुल अवैध बाजार मूल्य लगभग 12 करोड़ रुपये है। कस्टम अधिकारियों ने तीन अलग-अलग मामलों में बैंकॉक से मुंबई आ रहे 6E1060 और 6E1052 उड़ानों के 6 यात्रियों को रोका। इन सभी यात्रियों के चेक-इन ट्रॉली बैग की जांच की गई, जिसमें से लगभग 12.418 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद हुआ। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सभी 6 यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के कड़े प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
55 लाख रुपये के आईफोन और लैपटॉप भी जब्त
मादक पदार्थों के अलावा, कस्टम विभाग ने तस्करी किए जा रहे हाई-वैल्यू इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर भी शिकंजा कसा। शारजाह से मुंबई आ रही उड़ान संख्या IX-252 के 3 यात्रियों को रोककर उनके सामान की जांच की गई। इस दौरान, अधिकारियों ने 56.55 लाख रुपये के एप्पल आईफोन 17 प्रो मैक्स (40 पीस), लैपटॉप (30 पीस), शराब की बोतलें (12 पीस) और सिगरेट बरामद की। यह सारा सामान यात्रियों द्वारा लाए जा रहे चेक-इन ट्रॉली बैग के अंदर छिपाया गया था। कस्टम ड्यूटी से बचने के इरादे से ट्रॉली बैग में छिपाकर तस्करी की जा रही थी। अधिकारियों ने कस्टम अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत तीनों यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार कस्टम विभाग ने 9 यात्रियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 6 लोगों को ड्रग्स और 3 को इलेक्ट्रिक समान की तस्करी करने का आरोप है।
