Mumbai Local Train: मुंबई लोकल ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। सेंट्रल रेलवे (CR) ने बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी मेन लाइन पर 29 जून (सोमवार) से 12 नॉन-एसी लोकल ट्रेनों की जगह AC लोकल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इस बदलाव के बाद मुंबई डिवीजन में एसी लोकल ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 120 हो जाएगी।
नॉन-एसी की जगह दौड़ेंगी एसी लोकल
सेंट्रल रेलवे के अनुसार, यह फैसला यात्रियों की लगातार बढ़ रही एसी ट्रेनों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, इस बदलाव से कुल लोकल ट्रेन सेवाओं की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। इसका मतलब ये है कि अभी जितनी लोकल ट्रेनें चल रही हैं, उतनी ही आगे भी चलेंगी, केवल कुछ नॉन-एसी सेवाओं को अपग्रेड कर एसी ट्रेनों में बदला जाएगा।
वर्तमान में मेन लाइन पर एसी ट्रेनों की कुल संख्या 80 है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह बढ़कर 92 हो जाएगी। वहीं हार्बर लाइन पर पहले की तरह 28 एसी लोकल ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा। इसी तरह मुंबई डिवीजन में कुल AC ट्रेनों की संख्या 120 हो जाएगी।
सोमवार से शनिवार तक होगा इन ट्रेनों का संचालन
रेलवे ने बताया किअपग्रेड की गई 12 सेवाओं में 6 ट्रेनें अप दिशा में चलेंगी और 6 ट्रेनें डाउन दिशा में चलेंगी। इनमें पीक ऑवर की कई अहम ट्रेनें भी शामिल हैं। जैसे सुबह 6:46 बजे टिटवाला से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) जाने वाली ट्रेन और शाम 7:18 बजे CSMT से कल्याण जाने वाली ट्रेन अब एसी लोकल के रूप में चलेगी। रेलवे के अनुसार, ये एसी लोकल सोमवार से शनिवार तक चलेंगी। वहीं रविवार और घोषित छुट्टियों के दिन इन्हीं सेवाओं पर पहले की तरह नॉन-एसी लोकल ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
सेंट्रल रेलवे ने साफ कहा है कि इस बदलाव के बावजूद मुंबई डिवीजन में सप्ताह के दिनों में कुल 1,820 उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। रेलवे के इस कदम से यात्रियों को गर्मी और उमस के मौसम में अधिक आरामदायक सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
