Tikamgarh News: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में डूबने से दो नाबालिग भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलने के लिए बाहर गए थे। जिसके बाद पानी से भरे खुले टैंक में उनके शव बरामद हुए हैं। जिन्हें टैंक से बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सांकेतिक फोटो (Istock)
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस के मुताबिक यह घटना शहर के शिवनगर इलाके में शुक्रवार देर शाम हुई। कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक ब्रजेन्द्र सिंह घोष ने बताया कि दोनों बच्चों के शव टैंक से बरामद हुए हैं और इस सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सचेंद्र यादव के पुत्र आशीष (छह) और नरेंद्र (पांच) के रूप में हुई है।
स्कूल से लौटने के बाद खेलने गए थे बच्चे
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को दोनों बच्चे स्कूल से लौटकर घर आए। दोनों भाई खाना खाने के बाद खेलने के लिए बाहर निकल गए थे। लेकिन काफी देर तक जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों को घर और आसपास के इलाके में खोजने की कोशिश की, लेकिन वे कहीं भी नजर नहीं आए। इसी दौरान उनकी नजर पड़ोस में एक निर्माणाधीन मकान पर गई। परिजनों के मुताबिक उन्हें बच्चों के मकान के सेप्टिक टैंक में गिर जाने की आशंका हुई। जब टैंक में भरे पानी को बाहर निकाला गया, तो बच्चों के शव अंदर से बरामद हुए। परिजन तुरंत बच्चों को लेकर नजदीकी अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
(इनपुट - भाषा)
